आसनसोल : राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल रविवार को रेलपार के चांदमारी स्थित आसनसोल रायफल क्लब का मुआयना करने पहुंचीं, जहां रायफल क्लब के अध्यक्ष बीके ढल के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने क्लब के विभिन्न आधुनिक रेंजों का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने खुद भी रायफल से रेंज पर निशाना लगाया। इस दौरान मंत्री ने युवा निशानेबाज अभिनव साव सहित कई अन्य खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी जिलों की हर विधानसभा क्षेत्र में एक छोटे स्टेडियम का निर्माण करने की घोषणा की है, ताकि वहां खिलाड़ी फुटबॉल, क्रिकेट, दौड़ सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास कर सकें। उन्होंने कहा कि आसनसोल रायफल क्लब को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सामग्रियों की एक सूची बनाकर मुख्यमंत्री और खेल मंत्री को आवेदन भेजें; उनसे बात कर इसे पूरा कराने का दायित्व वे खुद लेंगी। उन्होंने आगे कहा कि पहले लोग निशानेबाजी को खेल नहीं मानते थे, लेकिन आज देश के लिए सबसे ज्यादा पदक इसी स्पर्धा में आते हैं। अब देश में निशानेबाजी के लिए युवा आगे आने लगे हैं। इस दौरान बीके ढल ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर उद्योगपति विजय शर्मा, टायनी टॉट्स स्कूल के चेयरमैन जगदीश बागड़ी सहित सुजीत बोस, अनुपम पांडेय, श्यामल सिन्हा, रुपेश साव सहित बड़ी संख्या में रायफल क्लब के सदस्य व अभिभावक उपस्थित थे।