एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देशानुसार तथा कुल्टी विधानसभा के दो बार के विधायक एवं पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार (PWD एवं PHED) के नेतृत्व में आसनसोल नगर निगम के प्रशासनिक आयुक्त दिलीप मिश्रा के मार्गदर्शन में कुल्टी बोरो क्षेत्र के वार्ड नंबर 8, 9 और 10 में आयुष्मान कार्ड तथा RKSY-I सहित स्वास्थ्य योजनाओं के ई-केवाईसी का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस अभियान के तहत आशा कर्मियों द्वारा घर-घर पहुंचकर पात्र महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों से संबंधित आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। भारी बारिश के बावजूद वार्ड नंबर 72 और वार्ड नंबर 18 में आशा कर्मियों ने अपने कार्य को निरंतर जारी रखा। इस संबंध में आसनसोल जिला भाजपा मीडिया प्रभारी सह कुल्टी मंडल उपाध्यक्ष एवं कुल्टी बोरो कार्यालय के वार्ड 8, 9 एवं 10 के प्रतिनिधि टिंकू वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश और मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के निरंतर प्रयासों से सरकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे आम जनता के दरवाजे तक पहुंच रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र परिवार को उसका वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद आशा कर्मियों द्वारा जिस समर्पण और जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से संबंधित ई-केवाईसी का कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कर्मियों एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का विशेष आभार है। टिंकु वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता और जनसुविधाओं के क्षेत्र में सरकार एवं प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।