Jabt ganja ka khep 
आसनसोल

मेजिया में डेढ़ करोड़ का गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

बांकुड़ा पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा वार

Sanjay Singh

बांकुड़ा:

जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। मेजिया थाना क्षेत्र में चलाए गए एक गुप्त ऑपरेशन के तहत पुलिस ने करीब 2 क्विंटल 75 किलोग्राम (275 किलो) गांजा बरामद किया है। बाजार में जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए आंकी जा रही है। मौके से एक मुख्य तस्कर को दबोच लिया गया है, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।

मुखबिर की पुख्ता सूचना पर मारा छापा

बांकुड़ा जिला पुलिस की 'एंटी क्राइम सेल' और मेजिया थाना पुलिस को गोपनीय इनपुट मिला था कि इलाके में नशे की एक बड़ी खेप उतारी गई है। सूचना के मुताबिक मेजिया के गोपालगंज निवासी महादेव केवड़ा और सुनील केवड़ा ने अपने मकान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ डंप कर रखा है, जिसे आगे सप्लाई किया जाना था।

***घर की तलाशी में खुला राज, बोरियों में भरा था नशा

सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर महादेव केवड़ा के घर पर अचानक रेड की। शुरुआती तलाशी के दौरान ही मकान के भीतर छिपाकर रखी गई गांजे की बोरियां बरामद हुईं। कुल 275 किलोग्राम गांजा जब्त कर मौके से मकान मालिक महादेव केवड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।

**दुसरा आरोपी फरार, तलाश में जुटी टीम

कार्रवाई के दौरान अवैध धंधे में शामिल परिवार का दूसरा सदस्य सुनील केवड़ा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्राथमिक पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में खपाने की योजना थी।

SCROLL FOR NEXT