आसनसोल/ बर्नपुर : आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए गांजा तस्करी के गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। गौरतलब है कि पुलिस ने न केवल अवैध गांजा जब्त किया है, बल्कि तस्करी में शामिल मुख्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है। ऐसा ही एक मामला हीरापुर थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। न्यूटाउन के इस्को बाइपास रोड पर नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो लोगों के पास से तीन पैकेट में 6.115 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया। मौके पर दोनों अभियुक्तों की पहचान धनबाद जिला के कुमारधुबी एगारहकुंड इलाके निवासी हारू गराई (45) और उमेश राजबंशी (42) के तौर पर हुई है। वहीं हीरापुर थाना की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट-1985 की तहत धारा 20 (b) (11) (B)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों को अदालत में पेश करने के बाद अभियुक्तों को 6 दिनों की पुलिस रिमांड में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। अब यह जांच की जा रही है कि गांजा कहां सप्लाई किया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस कर रही लगातार कार्रवाई
आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस ने इससे पहले अप्रैल 2026 में झारखंड के बोकारो से आ रही एक संदिग्ध बस को आसनसोल के जुबली मोड़ पर रोककर तलाशी लेकर 22 किलो गांजा बरामद किया। आसनसोल उत्तर थाना की जहांगिरी मुहल्ला फांड़ी और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने आसनसोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 के पास से तीन महिलाओं को 18 किलो गांजे के साथ रंगे हाथों पकड़ा। वहीं कन्यापुर फांड़ी ने दो कारों को इंटरसेप्ट कर 193 किलो से अधिक गांजा जब्त कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया था।