सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल रेल मंडल द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर मंडल के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता शपथ, पुष्पांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रमदान, पौधारोपण अभियान एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का भी समापन हुआ। आसनसोल स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में DRM संग्रह मौर्य, ADRM देबब्रत चटर्जी, शाखा अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई, जिसमें स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस बीच, स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का आयोजन 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गहन स्वच्छता अभियान, कचरे का पृथक्करण, ट्रैक किनारे के क्षेत्रों की सफाई तथा जन-जागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में, विशेष अभियान 6.0 का कार्यान्वयन चरण 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटारे, अभिलेखों के उचित प्रबंधन, कार्यालयीन स्थान के बेहतर उपयोग तथा ई-कचरे एवं अन्य अनुपयोगी सामग्रियों के सुरक्षित एवं उचित निपटान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।