आसनसोल

एनकाउंटर मामले में इस्माइल के गांजा गली में पहुंची FSL की टीम

घटनास्थल से जुटाए अहम सबूत

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : हीरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल इलाके में हुई पुलिस मुठभेड़ के मामले में अब जांच तेज हो गई है। एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम रविवार दोपहर घटनास्थल गांजा गली पहुंची और करीब घंटों तक बारीकी से जांच-पड़ताल की। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह को इसी गली में कुख्यात प्रताप दास उर्फ पांव और पुलिस के बीच करीब पौने दो घंटे तक मुठभेड़ चली थी। जवाबी गोलीबारी में पांव के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।

क्या-क्या जांच की FSL टीम ने?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, FSL की टीम ने घटनास्थल का चप्पा-चप्पा खंगाला। टीम ने गोली चलने की दिशा और दूरी का आकलन किया, घटनास्थल से अन्य फोरेंसिक नमूने एकत्र किए, दीवारों और आसपास के इलाकों में गोली के निशान की जांच की , घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा पूरे इलाके को घेरकर रखा गया था, ताकि जांच में कोई बाधा न आए। FSL टीम के पहुंचते ही इलाके में फिर से लोगों की भीड़ जमा हो गई। मुठभेड़ के बाद से ही इस्माइल का गांजा गली इलाका चर्चा का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोग जानना चाहते हैं कि आखिर उस दिन गली में क्या-क्या हुआ था। पुलिस का कहना है कि FSL की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किस तरफ से कितनी गोलियां चलीं और मुठभेड़ की पूरी सच्चाई क्या थी। एफएस एल टीम के साथ हीरापुर थाना की ओसी नसरीन सुल्ताना , केस‌ का आईओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT