साईंथिया नगरपालिका  
आसनसोल

साईंथिया नगर पालिका के चेयरमैन सहित 14 पार्षदों ने इस्तीफा दिया

बीरभूम : साईंथिया नगर पालिका में उथल-पुथल मच गया है। इसके चेयरमैन सहित 14 तृणमूल पार्षदों के इस्तीफा दिये जाने से राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है। बता दें कि इस नगर पालिका में ​कुल 16 पार्षद हैं और सभी तृणमूल के हैं। उनमें से चेयरमैन बिप्लब दत्त, वाइस-चेयरमैन काजी कमाल हुसैन सहित 14 पार्षदों ने SDO को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बाकी दो पार्षदों का इस्तीफा भी महज कुछ ही समय की बात है। चार साल पहले बाहुबल और डरा-धमकाकर बिना किसी विरोध के बनाया गया तृणमूल का यह नगर पालिका बोर्ड ताश के पत्तों की तरह ढह गया। 27 फरवरी 2022 को हुए पिछले नगर पालिका चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने 16 में से 13 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की थी। बाकी 3 सीटों पर केवल दिखावे के लिए चुनाव हुआ था और उनमें भी तृणमूल के उम्मीदवार ही जीते थे। नतीजतन, साईंथिया नगर पालिका पूरी तरह से विपक्ष-मुक्त थी। इस नगर पालिका के चेयरमैन बिप्लब दत्त और वाइस-चेयरमैन काजी कमाल हुसैन थे। सोमवार को वार्ड नंबर 3 के पार्षद मानस सिंह और वार्ड नंबर 9 की पार्षद माया साहा ने इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन यह लगभग तय हो चुका है कि वे भी जल्द ही इसी रास्ते पर चलने वाले हैं।

​इस्तीफे पर नेताओं के बयान

​चेयरमैन और पार्षद पद से इस्तीफा देने के बाद बिप्लब दत्त ने कहा कि वे तृणमूल के सिंबल पर जीते थे। लेकिन इस बार के चुनाव में जनता ने तृणमूल को नकार दिया है। असली पार्टी कौन सी है, अब यही समझ नहीं आ रहा है। इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया। यह पूरी तरह से उनका व्यक्तिगत फैसला है। ​वहीं, वाइस-चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के बाद काजी कमाल हुसैन ने कहा कि उनकी पत्नी पिछले 15 वर्षों से बिस्तर पर हैं और वे खुद भी बीमार हैं, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

कोमा ग्राम पंचायत प्रधान ने दिया इस्तीफा

सोमवार को बीरभूम जिला के कोमा ग्राम पंचायत में भी इस्तीफे की घटना घटी। कोमा ग्राम पंचायत की प्रधान सुमित्रा टुडू सहित कुल छह जनप्रतिनिधियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। सोमवार दोपहर को उन्होंने सिउड़ी-2 ब्लॉक के BDO के पास अपना इस्तीफा पत्र सौंपा। ​एक ही दिन में साईंथिया नगरपालिका और कोमा ग्राम पंचायत में कई जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे को लेकर जिले के राजनीतिक हलकों में जोरदार चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस्तीफे के सटीक कारणों के बारे में अभी तक संबंधित लोगों की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है।

मेमारी नगरपालिका के चेयरमैन सहित 10 पार्षदों ने दिया इस्तीफा

बर्दवान : राज्य के दूसरे हिस्सों की तरह पूर्व बर्दवान जिला में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है। जानकारी के अनुसार जिला के मेमारी नगरपालिका के चेयरमैन स्वपन बिशयी सहित 10 पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि यहां कुल 16 सीट है, जिसमें से 15 तृणमूल कांग्रेस एवं 1 सीट कांग्रेस के पास थी। नपा चेयरमैन स्वपन बिशयी सहित 10 पार्षदों ने नगरपालिका के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर देवराज बंदोपाध्याय को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सोमवार को जैसे ही तृणमूल पार्षदों के इस्तीफे की खबर फैली, भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका में मिठाई बांटकर खुशी मनाई। इस संबंध में नपा के कार्यकारी अधिकारी ​देवराज बंदोपाध्याय ने बताया कि अधिकांश मामलों में पार्षदों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा सौंपा है। वे इन सभी इस्तीफों को SDO के पास भेज देंगे, वे ही फैसला लेंगे कि इन्हें स्वीकार किया जाएगा या नहीं।

SCROLL FOR NEXT