आसनसोल

प्रेमपाल सिंह से पूछताछ के बाद चार हथियार व सात राउंड कारतूस बरामद

नॉर्थ सियारशोल कोलियरी के परित्यक्त क्वार्टर में पुलिस की छापेमारी

सन्मार्ग संवाददाता

जामुड़िया : जामुड़िया में अवैध हथियारों की बरामदगी का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पुत्र प्रेमपाल सिंह से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नॉर्थ सियारशोल कोलियरी क्षेत्र स्थित एक परित्यक्त क्वार्टर से चार अवैध हथियार और सात राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी जामुड़िया थाना पुलिस और आसनसोल पुलिस के इंटेलिजेंस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध बालू तस्करी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार प्रेमपाल सिंह को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसी क्रम में नॉर्थ सियारशोल कोलियरी के एक परित्यक्त क्वार्टर से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हथियारों की बरामदगी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे। इन्हें किसने उपलब्ध कराया था और क्या इनका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में किया गया है। इसके अलावा हथियारों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों अथवा किसी गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

भेजे गये पांच दिनों की रिमांड पर

हथियार बरामद होने के बाद जामुड़िया थाना पुलिस ने प्रेमपाल सिंह को दोबारा आसनसोल न्यायालय में पेश किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उससे आगे पूछताछ के लिए अतिरिक्त 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की गई जहां जज ने उसे पांच दिनों की रिमांड पर भेजा। आसनसोल - दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बरामदगी को उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास ने कहा कि प्रेमपाल सिंह से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जाएगी कि कहीं और अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं या नहीं। बरामद हथियारों का स्रोत क्या है तथा प्रेमपाल सिंह के किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से संबंध हैं या नहीं, इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी। अब जांच के दौरान यह सामने आने का इंतजार है कि बरामद हथियारों के पीछे नेटवर्क कितना बड़ा है।

SCROLL FOR NEXT