आसनसोल

लड़कियों पर फब्तियां व छेड़खानी करने के आरोप में चार मनचले गिरफ्तार

छेड़खानी के आरोप में चार मनचले गिरफ्तार

आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाने के कल्ला बायपास मोड़ से लड़कियों पर फब्तियां कसने और छेड़खानी करने के आरोप में पुलिस ने चार मनचलों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी सोमेश तिवारी अपनी महिला सहकर्मी के साथ रात करीब 9:30 बजे कार से एचएलजी मोड़ से जुबली की ओर जा रहे थे। इस दौरान एक लाल रंग की कार उनके बगल से निकली। कार में बैठे चार युवक भोजपुरी गाने सुन रहे थे। युवकों ने कार का दरवाजा खोलकर महिला सहकर्मी पर फब्तियां कसीं और उन्हें अपने साथ चलने का इशारा किया। इसका विरोध करने पर युवक 'उठा ले जाएंगे' की धमकी देते हुए आगे बढ़ गए। इसके बाद सर्विस रोड पर खड़ी चार अन्य लड़कियों पर भी युवकों ने फब्तियां कसीं और छेड़खानी की। उन्होंने गाड़ी खड़ी कर उन लड़कियों को भी अपने साथ चलने को कहा। लड़कियों ने जब इसका विरोध करते हुए उन्हें फटकार लगाई और सोमेश तिवारी अपने मोबाइल से उनका वीडियो बनाने लगे, तो युवकों ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद जुबली मोड़ पहुंचने पर वहां तैनात पुलिस अधिकारी को पूरी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारी ने तुरंत इसकी सूचना कल्ला बायपास मोड़ पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को दी। जैसे ही वह लाल रंग की कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसमें सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक श्रीपुर और रानीगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गोविंदपुर की रहने वाली शालू गुप्ता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

SCROLL FOR NEXT