आसनसोल

डकैती की योजना बना रहे 4 अभियुक्त गिरफ्तार

अदालत ने भेजा सात दिनों की पुलिस रिमांड पर

सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबी मोड़ फांड़ी की पुलिस ने डकैती की नीयत से इकट्ठा हुए 4 अभियुक्तों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य अभियुक्त मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के साथ पुलिस की धक्का - मुक्की भी हुई। पंजाबी मोड़ फांड़ी के प्रभारी (आईसी) नजमुल होदा के नेतृत्व में पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही टाल दिया। रानीगंज थाना के आईसी सुबीर कर्मकार और पंजाबी मोड़ फांड़ी के प्रभारी के प्रभारी नजमुल होदा ने गुरुवार को इस पूरे मामले का खुलासा किया और विस्तृत जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रानीगंज के अमरासोता मोड़ इलाके के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक ओम्नी वैन को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें से एक देसी आग्नेयास्त्र, एक राउंड जिंदा कारतूस, दो धारदार हथियार, लोहे की छड़, कटर और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ताज खान (19), शेख अजहरुद्दीन (30), शेख अलाउद्दीन (23) और शेख हसन (19) के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के दुबराजपुर और कांकड़तला इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि अभियुक्त किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया जहां से उन्हें सात दिनों की रिमांड पर भेज दिया गया।

SCROLL FOR NEXT