आसनसोल

फॉस्बेकी ने विभिन्न मांगों को लेकर कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

आसनसोल बस स्टैंड के पास बहुमंजिले पार्किंग प्लाजा के निर्माण की मांग

Suraj Choudhary

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FOSBECCI) ने आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा को एक ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि ज्ञापन के माध्यम से शहर के बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। फॉस्बेकी एवं क्रेडाई की तरफ से नगर निगम कमिश्नर को सम्मानित किया गया। संगठन ने पत्र के माध्यम से कहा है कि आसनसोल में तेजी से शहरीकरण और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण शहर की सड़कें जाम की गिरफ्त में हैं। इससे व्यापार और आम लोगों दोनों को परेशानी हो रही है। बढ़ते शहरीकरण और यातायात दबाव को देखते हुए कई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है। फॉस्बेकी एवं क्रेडाई की तरफ से कहा गया कि उषा ग्राम से पोलो ग्राउंड तक जीटी रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाये ताकि ट्रैफिक जाम कम हो, सड़क सुरक्षा बढ़े और वाहनों की आवाजाही सुगम हो। आसनसोल बस स्टैंड के पास बहुमंजिले पार्किंग प्लाजा का निर्माण, जिससे पार्किंग की समस्या दूर हो और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कम हो। रानीगंज नेताजी प्रतिमा के पास स्थित पीडब्ल्यूडी पार्किंग को तत्काल आम जनता के लिए खोला जाए तथा उसकी क्षमता और ले-आउट की समीक्षा की जाए। फॉस्बेकी एवं क्रेडाई ने कहा कि प्रशासनिक अड़चनों और पेड़ों की कटाई की अनुमति लंबित होने के कारण बर्नपुर एयरपोर्ट का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास प्रभावित हो रहा है। संगठन ने पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए बर्नपुर एयरपोर्ट को शीघ्र चालू कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक हस्तक्षेप करने की मांग की। वहीं आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को लेकर उच्च अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचा दिया जायेगा। इस मौके पर फॉस्बेकी एवं क्रेडाई के अध्यक्ष सचिन रॉय, फॉस्बेकी के उपाध्यक्ष, क्रेडाई एवं आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव विनोद गुप्ता, फॉस्बेकी के पूर्व अध्यक्ष आरपी खेतान मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT