सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : शारदीय नवरात्रि की महा अष्टमी के पावन अवसर पर आज बर्नपुर के ऐतिहासिक और सबसे पुराने पूजा पंडालों में से एक टाउन पूजा समिति, बारी मैदान में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां दुर्गा के दर्शन और महा अष्टमी के विशेष खिचड़ी भोग को ग्रहण करने के लिए सुबह से ही पंडाल में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते पूरा बारी मैदान परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने कतार में लगकर भोग प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर बर्नपुर टाउन पूजा समिति के सचिव उज्जल माजी और कार्यकारी अध्यक्ष शिव शंकर चक्रवर्ती ने कहा कि महा अष्टमी पर भोग का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि अष्टमी के दिन मां के भोग को ग्रहण करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते हर साल की तरह इस साल भी भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। इस पावन अवसर पर तरुण बनर्जी, शंभू कुमार सिन्हा, सुशांतो पॉल, प्रणव कुमार आचार्य, मैनक माजी सहित बर्नपुर टाउन पूजा समिति के वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।