बैठक में उपस्थित अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी 
आसनसोल

भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पांच पदाधिकारी किये गये निष्कासित

अनुशासनहीनता का आरोप, कार्रवाई से संगठन में चर्चा तेज

Gopal Kumar Singh

धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता

जामुड़िया : भारतीय जनता पार्टी के जामुड़िया एक नंबर मंडल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पांच पदाधिकारियों को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में संगठन से निष्कासित कर दिया गया। मंगलवार को जामुड़िया में आयोजित अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में मंडल स्तर के विभिन्न पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे। निष्कासित पदाधिकारियों में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष शेख जियाबुल तथा सचिव अनुआरा बीबी, सबीना बीबी, शेख अली मोहम्मद और शेख असफाक शामिल हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, इन पदाधिकारियों पर पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन करने और कथित तौर पर संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे। मामले में संबंधित पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। पार्टी नेतृत्व के अनुसार, प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। इधर, जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में जिला कमेटी से लेकर मंडल स्तर तक विभिन्न कमेटियों में सदस्यों के चयन और संगठनात्मक भूमिका को लेकर आवाज उठने की चर्चा के बीच जामुड़िया में पांच पदाधिकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई ने राजनीतिक एवं संगठनात्मक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। एक साथ पांच पदाधिकारियों को बाहर किए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बैठक में एसके आसफिर, एसके नायेम, एसके जाहिर, अबसर अली, मिम्मा खातून और रेशमा बीबी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। नेताओं ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने और पार्टी के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया।

SCROLL FOR NEXT