मुर्शिदाबाद : फीडर कैनाल के किनारे से लगे पेड़ों की अवैध रूप से कटाई का आरोप सामने आया है। वहीं अवैध रूप से पेड़ काटने के आरोप में शमशेरगंज थाने की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पांचों को मंगलवार शाम शमशेरगंज के चस्कापुर इलाके में नहर के किनारे से गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार गुप्त रूप से मिली सूचना के बाद शमशेरगंज थाने की पुलिस ने अभियान चलाया और पांचों अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से कटे हुए पेड़ों की अलग-अलग प्रजातियों के ठूंठ और लकड़ी जब्त की गई है। वहीं गिरफ्तार लोगों के नाम बहारुल शेख, फिरोज शेख, अजफारुल शेख, ईशा शेख और वसीम शेख हैं। ये सभी शमशेरगंज थाना इलाके के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। घटना के बाद, जब्त की गई लकड़ी को पुलिस स्टेशन ले जाया गया और गिरफ्तार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को गिरफ्तार लोगों को जंगीपुर अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इसके अलावा, शमशेरगंज पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि इस गैंग में और कौन लोग शामिल हैं।