बांकुड़ा : मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। बांकुड़ा के जंगल महल स्थित रायपुर मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में 'वोटबंदी' और 'जेलबंदी' की राजनीति कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना ममता बनर्जी ने कहा, "उन्हें जनता की आवाज सुनाई नहीं देती। पहले उन्होंने नोटबंदी कर देश को संकट में डाला, अब वोटबंदी (मतदाताओं के नाम काटना) कर रहे हैं। इसके बाद वे लोगों को घरबंदी और फिर जेलबंदी करेंगे।" भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि साजिश के तहत करीब 1.20 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा, "भाजपा ने दिल्ली से साजिश रचकर हमारे अधिकारियों को हटवाया और अब आदिवासियों व पिछड़ों के वोट काट रही है। हम इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ रहे हैं। हम जिलों में कैंप लगाएंगे और मुफ्त वकील देंगे ताकि किसी का भी वोटिंग अधिकार न छीना जा सके।" उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है, जनता से उनके मताधिकार छीनने के षड्यंत्र का इस चुनाव में करारा जवाब मिलेगा।
TMC के सत्ता में आते ही 'चींटियां खाने वाले दौर का हुआ अंत
जंगल के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि कभी बम धमाकों के लिए चर्चित जंगल महल में आज शांति व्याप्त है। वाम शासनकाल में उन्होंने लोगों को काली चींटियां और पेड़ की जड़ें खाते देखा था, तब संकल्प लिया था कि इन्हें सम्मान दिलाएंगी। आज घर-घर राशन पहुंच रहा है। बांकुड़ा में नए कॉलेज, विश्वविद्यालय, ITI और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों का जाल बिछाया गया है। 'द्वारे सरकार' की सफलता के बाद अब 'द्वारे स्वास्थ्य' योजना शुरू होगी, जिसमें डॉक्टर खुद मरीजों के घर पहुंचेंगे।
तृणमूल के हुए भाजपा के सुधांशु
जनसभा के दौरान रायपुर से भाजपा के पूर्व उम्मीदवार और वर्तमान में पार्टी के जिला सचिव सुधांशु हांसदा ने औपचारिक रूप से तृणमूल का दामन थाम लिया। सांसद अरूप चक्रवर्ती और जिला परिषद अध्यक्ष अनसूया राय ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाया। सुधांशु ने कहा, "मैंने मेहनत और पैसा लगाकर भाजपा को खड़ा किया, लेकिन अब उनकी विचारधारा के साथ चलना असंभव था।" दलबदल को लेकर भाजपा राज्य समिति सदस्य सौगत पात्र ने सुधांशु को 'बेईमान' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुधांशु ने पिछले चुनाव में भी TMC के साथ गुप्त समझौता किया था, उनके जाने से संगठन और मजबूत होगा।