इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर थाना क्षेत्र के प्रांतिक इलाके से सटी निशानहाट बस्ती में बुधवार दोपहर एक सरकारी भवन में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
आसपास मौजूद लोगों के अनुसार बुधवार दोपहर अचानक सरकारी भवन में आग लग गई। प्रारंभिक अनुमान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग तेजी से फैलने के कारण भवन के अंदर रखे कई फर्नीचर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घनी आबादी वाली बस्ती क्षेत्र में दिनदहाड़े आग लगने से कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट ही आग की वजह थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।