आसनसोल

जानिये चुनाव से पहले कहां प्रारंभ हुआ 'पोस्टर वार'

भाजपा जिला अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप

बांकुड़ा : आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही लाल मिट्टी के जिले बांकुड़ा में सियासी पारा चढ़ने लगा है। जिले में एक बार फिर 'पोस्टर राजनीति' गरमा गई है। बांकुड़ा सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष प्रसेनजीत चटर्जी के खिलाफ बांकुड़ा में पोस्टर पाए गए, जिसके बाद से शासक दल तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

सादे कागज पर हाथ से लिखे गए आरोप

जानकारी के अनुसार, बीती शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने बांकुड़ा शहर के रामपुर, पांचबागा सहित जिले के विभिन्न इलाकों में दीवारों पर सादे कागज पर हाथ से लिखे पोस्टर चिपका दिए। इन पोस्टरों में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रसेनजीत चटर्जी पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और तृणमूल कांग्रेस के साथ 'सेटिंग' करके चलने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, कुछ पोस्टरों में नारी सम्मान को ठेस पहुंचाने की बात भी लिखी गई है। कुछ में बांकुड़ा लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार की हार के लिए सीधे तौर पर जिला अध्यक्ष प्रसेनजीत चटर्जी को जिम्मेदार ठहराया गया है।

आरोप-प्रत्यारोप शुरू

इन पोस्टरों के सामने आने के बाद जिले में सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रसेनजीत चटर्जी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि राजनीतिक रूप से मुकाबला न कर पाने के कारण तृणमूल कांग्रेस ने यह ओछी साजिश रची है। उन्होंने पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी से इंकार किया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बांकुड़ा सांगठनिक जिला तृणमूल कांग्रेस के चेयरमैन अलोका सेन मजूमदार ने कहा कि यह भाजपा की अपनी गुटबाजी है जो अब सड़कों पर आ गई है। अपनी पार्टी की कलह को छिपाने के लिए वे तृणमूल पर दोष मढ़ रहे हैं।


SCROLL FOR NEXT