बांकुड़ा : राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी आगामी 30 दिसंबर को बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा का दौरा करेंगी। TMC सूत्रों के अनुसार, इस दौरे पर मुख्यमंत्री कोई प्रशासनिक बैठक नहीं करेंगी, बल्कि एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। एसआईआर (SIR) के बाद मुख्यमंत्री के बांकुड़ा दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। दरअसल, सालतोड़ा विधानसभा के मेजिया और बड़जोड़ा व सोनाममुखी विधानसभा के दामोदर नदी के तटीय इलाकों (मानाचर) में लगभग 70 से 80 हजार शरणार्थी रहते हैं। हाल ही में जारी मतदाता सूची के मसौदे में कई लोगों के नाम कटने से स्थानीय स्तर पर काफी नाराजगी देखी गयी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस नाराजगी को शांत करने और वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए ही ममता बनर्जी ने जनसभा के लिए बड़जोड़ा को चुना है।
TMC की तैयारियां : 'लक्ष्य एक लाख की भीड़'
मुख्यमंत्री के दौरे की खबर मिलते ही जिला नेतृत्व सक्रिय हो गया है। सोमवार शाम बड़जोड़ा के 'उन्मेष हॉल' में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें बांकुड़ा के सांसद अरूप चक्रवर्ती, बांकुड़ा और बिष्णुपुर सांगठनिक जिला अध्यक्ष ताराशंकर राय व सुब्रत दत्त और बड़जोड़ा के विधायक आलोक मुखर्जी समेत अन्य शीर्ष नेता उपस्थित रहे। सांसद अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि सभा में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। इसके लिए बांकुड़ा-दुर्गापुर राज्य राजमार्ग (SH-9) के किनारे देजुड़ी के पास एक मैदान का चयन किया गया है। लोगों को लाने के लिए एक हजार से अधिक वाहनों का इंतजाम किया जाएगा।
भाजपा ने कसा तंज
CM के इस दौरे पर तंज कसते हुए भाजपा के विष्णुपुर सांगठनिक जिला अध्यक्ष सुजित अगस्ती ने कहा कि वह जितनी अधिक सभाएं करेंगी, लोग उनसे उतने ही दूर होते जाएंगे। जनता अब उनके झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बांकुड़ा जिला में पिछली जीती हुई सीटों के अलावा इस बार भाजपा बड़जोड़ा, इंदास और जंगलमहल की अन्य सीटों पर भी जीत दर्ज करेगी।