सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभ षष्ठी के पावन अवसर पर फर्स्ट केयर चैरिटेबल फाउंडेशन (FCCF) द्वारा एक विशेष सेवा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम FCCF की अनूठी पहल 'ज्ञानकोश महिला शिक्षा केंद्र'(सूर्यनगर, कोयलापाड़ा, बर्नपुर) के परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र की सभी छात्राओं को वार्षिक नकद छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही परिवार में महिलाओं के त्याग और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी छात्राओं की माताओं को नई साड़ियां उपहार स्वरूप भेंट की गईं। उत्सव की खुशियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के संकल्प के साथ, स्थानीय गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच 100 से अधिक नए वस्त्रों का वितरण किया गया। इसके अलावा केंद्र की बच्चियों के लिए कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु एक ब्रांड न्यू कंप्यूटर भी दान किया गया, जिससे वे निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक परमजीत सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा और नवरात्रि नारी शक्ति की आराधना का महापर्व है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि एक बेटी को शिक्षित और सशक्त बनाना पूरे समाज को सशक्त बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है। आज जब हम इन बच्चियों को छात्रवृत्ति और उनकी माताओं को सम्मान दे रहे हैं, तो यह सिर्फ एक सहयोग नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। इस मौके पर संस्था के ज्वाइंट सेक्रेटरी जितेंद्र श्रीवास्तव, असिस्टेंट सेक्रेटरी आतिश सिन्हा, ज्ञानकोश के चेयरमैन , अरुणांगशु माझ, सत्य बाउरी, संत अनुकूल बोरक्का, आराधना बाउरी सहित अन्य सदस्य, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित थे।