संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: फरीदपुर (लावदोहा) थाना अंतर्गत जब्बारपल्ली इलाके में जमीन के विवाद को लेकर श्याम कुमार दास की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे एक अन्य अभियुक्त अजय नंदी को पुलिस ने गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने उसे दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया।
क्या था पूरा मामला?
बीते बुधवार की रात फरीदपुर थाना क्षेत्र के जब्बारपल्ली इलाके में लोहे की रॉड और लाठियों से बेरहमी से पीटकर श्याम की हत्या कर दी गई थी। मृतक श्याम पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के मंडल संख्या 4 के युवा मोर्चा के महासचिव थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अन्य अभियुक्तों प्रसून पांडे और विजय नंदी को गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार को अदालत में पेश कर पुलिस ने दोनों को 7 दिनों की रिमांड पर लिया था।
प्राथमिक जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस खौफनाक हत्या के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा पुराना विवाद मुख्य वजह है। मृतक के पिता परिमल दास ने कहा था कि जमीन विवाद के कारण उनके बेटे की तृणमूल समर्थकों ने हत्या कर दी।
अभियुक्त अजय नंदी की सफाई: 'मैंने नहीं, भाई ने की हत्या...'
गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को जब पुलिस अजय नंदी को दुर्गापुर महकमा अदालत ले जा रही थी, तो मीडिया से बातचीत के दौरान उसने अपने ऊपर लगे सभी हत्या के आरोपों से साफ इंकार किया।
अजय का दावा है कि उसे इस मामले में साजिश के तहत झूठा फंसाया गया है। उसका कहना है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत उसके भाई और श्याम कुमार दास के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। उसने दलील दी कि इस मारपीट और हत्या की घटना में उसकी अपनी कोई संलिप्तता या भूमिका नहीं है, बल्कि इस वारदात को उसके भाई ने ही अंजाम दिया है।
सभी पहलुओं पर जांच जारी - आसनसोल-दुर्गापुर के एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने कहा कि वारदात के तीसरे अभियुक्त अजय नंदी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। उसे 6 दिनों के लिए रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।