गिरफ्तार अभियुक्त को अदालत ले जाती पुलिस  
आसनसोल

तृणमूल नेता को भारी पड़ा नौकरी दिलाने का झांसा

तृणमूल कांग्रेस के उप-प्रधान पहुंचे सलाखों के पीछे

सालानपुर : नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रूप से लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में रूपनारायणपुर पुलिस ने जीतपुर-उत्तररामपुर पंचायत के तृणमूल कांग्रेस के उप-प्रधान सुरजीत मोदक को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय लोगों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कड़ी कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार,सुरजीत मोदक रूपनारायणपुर के डाबर मोड़ पर मौजूद थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचान लिया और चारों ओर से घेर लिया। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उन्हें घेरने वाले लोगों से बड़ी रकम ली गई थी, लेकिन न तो किसी को नौकरी मिली और न ही पैसा वापस किया गया। इससे नाराज लोगों ने मौके पर ही अपने पैसे लौटाने की मांग शुरू कर दी। वहीं देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर भाजपा नेता बाबन मंडल और चिन्मय तिवारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने निकाला सुरक्षित

रूपनारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सुरजीत मोदक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर पहले पिठाकियारी ग्रामीण अस्पताल ले गई। प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें थाने लाया गया, जहां कादी देर तक पूछताछ चली। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

कई गंभीर आरोप

स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार सुरजीत मोदक पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलना, पैसे वापस मांगने पर धमकी देना, पंचायत पद का कथित दुरुपयोग कर अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करना, सरकारी (खास) जमीन पर लोगों को बसाकर वसूली करना, बालू एवं पत्थर के अवैध कारोबार से जुड़े होने तथा इलाके में दबंगई का माहौल बनाने जैसे आरोप शामिल हैं। वहीं उन्हें देख लोगों ने 'चोर-चोर' के नारे लगाये। वहीं पुलिस ने सोमवार को सुरजीत मोदक को आसनसोल अदालत में पेश किया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस रिमांड की मांग करेगी ताकि कथित नौकरी घोटाले, अवैध वसूली और अन्य आरोपों से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा सके।

SCROLL FOR NEXT