इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर इस्पात अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर की बदहाल स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के केबिन की ओर जाने वाले कॉरिडोर की फॉल्स सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस दौरान स्टील चैनल समेत सीलिंग का पूरा ढांचा नीचे गिरने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद नर्स, डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य कर्मी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। मरीजों के परिजनों में भी दहशत फैल गई।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले इसी अस्पताल में कांच का स्ट्रक्चर गिरने से दो मरीज घायल हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना के विरोध में बुधवार को INTUC से संबद्ध हिंदुस्तान स्टील वर्कर्स यूनियन की ओर से अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया गया। संगठन के सचिव रजत दीक्षित के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में यूनियन के कई सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और रखरखाव में कथित लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के निजीकरण के बाद सेवाओं और बुनियादी ढांचे के रखरखाव की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। उन्होंने टेंडरिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की है।
इस बीच घटना पर प्रतिक्रिया लेने पहुंचे एक मीडिया प्रतिनिधि के साथ अस्पताल के एक अधिकारी द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने का आरोप भी सामने आया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद अब अस्पताल प्रबंधन से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।