सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के ISP बर्नपुर में 4.08 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) क्रूड स्टील क्षमता विस्तार परियोजना को गति देने के लिए अत्याधुनिक ‘वॉर रूम’ का उद्घाटन किया गया। बर्नपुर एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट के डीआईसी सुरजीत मिश्रा ने इसका उद्घाटन किया। प्रबंधन का कहना है कि यह वॉर रूम परियोजना की निगरानी, समन्वय और प्रगति की रियल टाइम ट्रैकिंग के लिए एक केंद्रीय कमांड एवं मॉनिटरिंग सेंटर के रूप में काम करेगा। इसमें आधुनिक डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम और तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। ड्रोन सर्वे, डीपीएमएस और इंटीग्रेटेड प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं के माध्यम से परियोजना के प्रत्येक चरण पर नजर रखी जाएगी। इससे संभावित बाधाओं की समय रहते पहचान कर उनका समाधान करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही वॉर रूम का उद्घाटन आईएसपी बर्नपुर की डिजिटल तकनीक अपनाने, परियोजना प्रबंधन को मजबूत बनाने और विस्तार कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से पूरा करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस विस्तार परियोजना के जरिए आईएसपी बर्नपुर न केवल अपनी उत्पादन क्षमता और उत्पाद विविधता बढ़ाएगा, बल्कि भारत की इस्पात उत्पादन क्षमता को मजबूत करने और आत्मनिर्भर एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी इस्पात उद्योग के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस मौके पर ईडी अधिकारी प्रवीण कुमार, आरके सिन्हा, एसके सिंह, जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।