आसनसोल

एनफोर्समेंट ब्रांच ने फल व सब्जी मंडियों में चलाया सघन जांच अभियान

Gopal Kumar Singh

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : राज्य सरकार के सख्त निर्देशों के आलोक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर लगाम कसने के उद्देश्य से मंगलवार को रानीगंज के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया। एनफोर्समेंट ब्रांच की विशेष टीम ने रानीगंज थाना पुलिस के अधिकारियों को साथ लेकर क्षेत्र के प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंटों, फल, सब्जी दुकानों तथा मछली-मीट विक्रेताओं के ठिकानों पर औचक निरीक्षण किया। खाद्य पदार्थों के थोक व खुदरा मूल्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। दुकानदारों को जमाखोरी, मुनाफाखोरी और कालाबाजारी से बचने की सलाह दी गई। अभियान के दौरान अधिकारियों की टीम ने होटलों और रेस्टोरेंटों में जाकर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रसोई घर के रखरखाव को बारीकी से परखा। इसके साथ ही आलू, प्याज, फल और अन्य हरी सब्जियों की दुकानों पर पहुंचकर तौल मशीन (वजन) की सटीकता और सब्जियों की गुणवत्ता की जांच की गई। अधिकारियों ने चिकन, मटन और मछली की दुकानों पर भी रुख किया और वहां बासी मांस की बिक्री रोकने के लिए गहन निरीक्षण किया। जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद अधिकारियों ने व्यापारियों, होटल संचालकों और कर्मचारियों को सरकारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि ग्राहकों को सही वजन में सब्जियां दी जाएं और मीट-चिकन की दुकानों पर पूर्ण स्वच्छता बनाए रखी जाए। किसी भी परिस्थिति में बासी या मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

SCROLL FOR NEXT