लोगो को संबोधित करते सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार  
आसनसोल

समन्वय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर दिया गया जोर

संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आगामी शारदीय दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गुरुवार को रवींद्र भवन में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगो को अवगत कराया गया। एडीपीसी के डीसीपी( सेंट्रल) ध्रुव दास ने पूजा आयोजकों से पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार रखने, पर्याप्त रोशनी और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष टीम तैनात की जाएगी। मौके पर एडीपीसी के सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। दुर्गापूजा के दौरान शहर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। मौके पर डीएम एस पन्नोबलम में कहा कि दुर्गापूजा से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए 10 अक्टूबर तक सभी मुख्य रास्तों और दीवारों को पोस्टर-बैनर मुक्त किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है। इस काम में PWD, ADDA और जिला परिषद की टीमें जुट गई हैं। इस मौके पर डीसीपी (हेडक्वार्टर) केजी मीणा, डीसीपी(वेस्ट) सना अख्तर, एसडीओ साधन देबनाथ, नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, जामुड़िया विधायक विजन मुखर्जी, बारबानी विधायक अरिजीत रॉय, एसीपी ट्रैफिक हेडक्वार्टर विश्वजीत साहा, एडीपीसी साइबर राहुल पांडेय, एसीपी सेंट्रल -1 अबदुल गफ्फार, एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार डे, एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, ट्रैफिक विभाग, दमकल विभाग, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित शहर की प्रमुख दुर्गापूजा कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कुल 929 दुर्गा पूजाओं का होगा आयोजन एडीपीसी इलाके में कुल 784 कम्युनिटी पूजा और 145 प्राइवेट पूजा शामिल हैं। बताया गया कि आसनसोल साउथ में सबसे ज्यादा 156 कम्युनिटी पूजा, आसनसोल नॉर्थ में 82 कम्युनिटी और 10 प्राइवेट, रानीगंज में 90 और 24, जामुड़िया में 98 और 54, कुल्टी में 108 और 16, सालानपुर में 64 और 19, चित्तरंजन में 14, हीरापुर में 122 और 7, बाराबनी में 50 कम्युनिटी और 15 प्राइवेट पूजाएं होंगी।

SCROLL FOR NEXT