सांकतोड़िया : नितुरिया थाना क्षेत्र के पारबेलिया स्थित कांटा घर के समीप संचालित सूरज फैमिली रेस्टोरेंट के मालिक सूरज विश्वकर्मा के घर एवं रेस्टोरेंट पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने अचानक छापेमारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। ईडी की कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिस कारण कुछ ही देर में घटनास्थल के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए ईडी के साथ पहुंचे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने पूरे परिसर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया और लोगों को मौके से दूर हटाकर जांच प्रक्रिया को निर्बाध रूप से जारी रखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईडी की टीम कई वाहनों के साथ रेस्टोरेंट पहुंची और सीधे परिसर में प्रवेश कर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के कार्यालय, रिकॉर्ड रूम तथा अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली। इस दौरान कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों, रजिस्टरों, वित्तीय रिकॉर्ड तथा अन्य कागजात की बारीकी से जांच की गई। बताया जा रहा है कि सूरज विश्वकर्मा सूद का कारोबार, जुआ अड्डा संचालन एवं अवैध शराब का धंधा चलाता था। इसी सिलसिले में ईडी की टीम जांच करने पहुंची। शुक्रवार सुबह 7 बजे से तलाशी शुरू हुई जो शाम 6 बजे तक जारी थी।
घंटों चला तलाशी अभियान
सूत्रों के मुताबिक, तलाशी अभियान कई घंटे तक चला। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति परिसर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी, जिससे जांच में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। रेस्टोरेंट के बाहर मौजूद लोगों और राहगीरों में यह जानने की उत्सुकता बनी रही कि आखिर ईडी की कार्रवाई किस मामले में की जा रही है। ईडी की इस कार्रवाई के बाद पारबेलिया, नितुरिया और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन चर्चा का बाजार गर्म रहा।