सांकतोड़िया : ईसीएल ने डिजिटल परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यालय में आयोजित समन्वय बैठक के दौरान तीन नई डिजिटल पहलें शुरू कीं। बैठक की अध्यक्षता ईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक सतीश झा ने की। बैठक में संगठन के भीतर जवाबदेही को मजबूत करने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में ईसीएल ने आधुनिक तकनीक आधारित तीन महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च कर कार्यकुशलता और हितधारक सेवाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया।
नई कॉर्पोरेट वेबसाइट से मिलेगी तेज और पारदर्शी जानकारी
ईसीएल ने अपनी नई आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की। नई वेबसाइट को एडवांस क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर विकसित किया गया है, जिससे इसकी गति, सुरक्षा और विश्वसनीयता पहले से अधिक मजबूत हो गई है। वेबसाइट में बेहतर यूजर इंटरफेस, आसान नेविगेशन, डायनेमिक कंटेंट मैनेजमेंट और त्वरित सूचना अपडेट जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार इससे कर्मचारियों, उपभोक्ताओं और आम नागरिकों को अधिक सहज एवं पारदर्शी डिजिटल अनुभव मिलेगा।
स्वास्थ्य जांच प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल
ईसीएल ने कोयला खदान कर्मचारियों के वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डिजीपीएमई पोर्टल भी शुरू किया। यह प्लेटफॉर्म ऑनलाइन शेड्यूलिंग, डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड प्रबंधन और मेडिकल प्रमाणपत्रों के स्वत: निर्माण जैसी सुविधाओं से लैस है।अब तक स्वास्थ्य जांच से संबंधित अधिकांश प्रक्रियाएं कागज आधारित थीं, जिससे समय और संसाधनों की अधिक खपत होती थी। नए पोर्टल के जरिए न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि अनुपालन प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और तेज होगी।
ई-अनुमोदन पोर्टल से खत्म होगी कागजी प्रक्रिया
सिस्टम विभाग द्वारा मार्केटिंग एवं सेल्स विभाग के समन्वय से विकसित ई-अनुमोदन पोर्टल भी लॉन्च किया गया। यह पोर्टल विशेष रूप से ई-ऑक्शन रोड सेल ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है। अब ग्राहक अपने प्राधिकरण पत्र डिजिटल माध्यम से अपलोड कर सकेंगे। इससे क्षेत्रीय कार्यालयों में दस्तावेजों की भौतिक जमा प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। पोर्टल में ओटीपी आधारित सुरक्षित लॉगिन और स्वचालित ई-मेल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों में वृद्धि होगी। बैठक के दौरान सीएमडी सतीश झा ने सभी संबंधित विभागों की सराहना करते हुए कहा कि ईसीएल डिजिटल परिवर्तन, परिचालन उत्कृष्टता और हितधारकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) मो. अंजार आलम, निदेशक (कार्मिक) गुंजन कुमार सिन्हा, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।