पांडवेश्वर: ईसीएल के सोनपुर बाजारी क्षेत्र के पर्यावरण विभाग की ओर से शनिवार को हरिपुर हिंदी हाई स्कूल में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'स्पेशल कैंपेन 6' के तहत आयोजित इस अभियान में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधे रोपे। क्षेत्रीय महाप्रबंधक शंभु कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित इस दौरान पर्यावरण विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पौधारोपण के महत्व, उनके समुचित रख-रखाव तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की भूमिका के बारे में विस्तार से समझाया। बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि लगाए गए पौधों को सींचने और बड़ा करने की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं की है, ताकि आने वाले समय में परिसर हरा-भरा रह सके। सोनपुर बाजारी क्षेत्र के पर्यावरण अधिकारी प्रसून चक्रवर्ती ने कहा कि 'स्पेशल कैंपेन 6' का क्रियान्वयन चरण 2 अक्टूबर से शुरू हुआ है और यह 31 अक्टूबर तक चलेगा। यह अभियान 15 से 17 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 'इंडिया माइनिंग वीक' के उपलक्ष्य में कोल इंडिया और उसकी सभी सहायक कंपनियों में वृहद स्तर पर चलाया जा रहा है।