संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: सुरक्षित खनन और ‘शून्य क्षति’ (जीरो हार्म) की कार्यसंस्कृति को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ईसीएल के सोनपुर बाजारी क्षेत्र में शुक्रवार को वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह–2026 पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। क्षेत्रीय महाप्रबंधक शंभू कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा को केवल एक औपचारिक प्राथमिकता नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान खदान सुरक्षा और सुरक्षित कार्य पद्धतियों के विभिन्न पहलुओं पर आधारित एक विशेष नाटक का मंचन किया गया, जिसे कर्मियों ने खूब सराहा। इसके साथ ही सुरक्षा का सशक्त संदेश देने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
16 सुरक्षित कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम में विभागीय और आउटसोर्सिंग दोनों श्रेणियों में सुरक्षित कार्य करने वाले कुल 16 कर्मियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, ताकि अन्य कर्मियों को भी सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने की प्रेरणा मिल सके।
आयोजन के अंतर्गत निरीक्षण टीमों ने खदान के विभिन्न कार्यस्थलों, विभागों और सुविधाओं का जायजा लिया। टीमों ने सुरक्षा मानकों की स्थिति परखते हुए भविष्य में सुधार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और टिप्पणियां साझा कीं।
जीएम ने रखा लक्ष्य और विजन
क्षेत्रीय महाप्रबंधक शंभू कुमार झा ने कहा कि “सुरक्षित खदान, सुरक्षित कर्मी, सुरक्षित उत्पादन” के मूल मंत्र के साथ सोनपुर बाजारी क्षेत्र अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हर कर्मी की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसे कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना ही वास्तविक उपलब्धि है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर डीएमएस (विद्युत) पी दामोदर, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) अशोक कुमार, आईएसओ प्रेक्षक अपूर्व ठाकुर और कॉर्पोरेट सेफ्टी बोर्ड के सदस्य बिनोद सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा सरिसतौली कोयला खदान तथा राजमहल क्षेत्र के हुर्रा-सी ओसीपी से आई निरीक्षण टीमों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।