प्रतीकात्मक तस्वीर - साभार 
आसनसोल

ड्रिल मशीन से साढ़े तीन लाख की केबल चोरी, एक गिरफ्तार

मोटर खराब होने से फील्ड पार्किंग में खड़ी थी आईडीएम-70ई ड्रिल मशीन

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सोनपुर बाजारी प्रोजेक्ट से महंगी ट्रेलिंग केबल चोरी करने के मामले में पांडवेश्वर थाना कीनपुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने प्रोजेक्ट से सटे नवग्राम निवासी मीर राजा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया।

निरीक्षण के दौरान खुली चोरी की पोल

परियोजना के मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) सह ड्रिल प्रभारी संजय कुमार सुंडी ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि डिपार्टमेंटल पैच स्थित फील्ड पार्किंग एरिया में आईडीएम-70ई (IDM-70E, सीरियल नंबर: 201310197 - तीस्ता) ड्रिल मशीन खड़ी थी। मुख्य मोटर में तकनीकी खराबी आने के कारण यह मशीन पिछले एक महीने से अधिक समय से बंद पड़ी थी। बीते 16 अगस्त को जब अधिकारियों ने पार्किंग स्थल का मुआयना किया, तब देखा कि मशीन से जुड़ी लगभग 100 मीटर ट्रेलिंग केबल काटकर गायब कर दी गई है। चोरी गई केबल की अनुमानित कीमत करीब 3,54,100 रुपये आंकी गई है।

बीएनएस की धारा 303(2) में केस दर्ज

प्रबंधन की लिखित शिकायत पर पांडवेश्वर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने नवग्राम में दबिश देकर मीर राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब अभियुक्त से पूछताछ कर चोरी की गई केबल की बरामदगी और इस गिरोह में शामिल अन्य संदिग्धों का पता लगाने में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT