मंत्री सतीश चंद्र दुबे के हाथों पुरस्कार लेते सीएमडी डॉ सतीश झा और जीएम एसके झा 
आसनसोल

देश की ओपनकास्ट कोयला खदानों में सोनपुर बाजारी क्षेत्र ने हासिल किया तीसरा स्थान

मिला प्रतिष्ठित '5-स्टार रेटिंग अवार्ड'

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के पायनियर प्रोजेक्ट के रूप में विख्यात सोनपुर बाजारी क्षेत्र ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर कंपनी और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कोयला और लिग्नाइट खदानों की वार्षिक स्टार रेटिंग (वर्ष 2024-25) में शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनपुर बाजारी क्षेत्र ने पूरे देश की ओपनकास्ट कोयला खदानों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है और प्रतिष्ठित '5-स्टार रेटिंग अवार्ड' अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से सोनपुर बाजारी क्षेत्र के कामगारों एवं अधिकारियों में खुशी की लहर है।

भव्य समारोह में मिला सम्मान

भारत सरकार के कोयला मंत्रालय की ओर से रायपुर में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान मंत्री सतीश चंद्र दुबे के हाथों ईसीएल के सीएमडी डॉ सतीश झा और सोनपुर बाजारी क्षेत्र के महाप्रबंधक शंभू कुमार झा ने संयुक्त रूप से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि ने एक बार फिर ईसीएल के खनन संचालन, पर्यावरण स्थिरता और सुरक्षा मानकों के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित कर दिया है।

कामगारों और टीम वर्क को समर्पित उपलब्धि

सोनपुर बाजारी क्षेत्र की इस ऐतिहासिक सफलता पर महाप्रबंधक शंभू कुमार झा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पुरस्कार क्षेत्र के समस्त कामगारों, अधिकारियों, श्रम संगठनों और सभी स्टेकहोल्डर्स को समर्पित है।

उन्होंने कहा, 'यह सोनपुर बाजारी क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी और हितधारक के सामूहिक समर्पण, टीम वर्क और अथक प्रयासों का प्रमाण है। यह राष्ट्रीय मान्यता हमें और अधिक ऊंचाइयों को छूने तथा जिम्मेदार और टिकाऊ कोयला खनन में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी।'

राष्ट्र की ऊर्जा आकांक्षाओं को मिलेगा बल

महाप्रबंधक ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सीएमडी डॉ सतीश झा एवं समस्त बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स के कुशल मार्गदर्शन में सोनपुर बाजारी क्षेत्र उत्पादन और उत्पादकता के नए आयाम गढ़ेगा। यह क्षेत्र देश की ऊर्जा आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ कंपनी के सर्वांगीण विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

SCROLL FOR NEXT