जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के लिए चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही राहत भरी खबर लेकर आई है। कंपनी ने घाटे से उबरते हुए 493 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 415 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा उठाना पड़ा था। इस तरह एक साल के भीतर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में कुल 908 करोड़ रुपये का सुधार दर्ज किया गया है। ईसीएल के वित्तीय परिणामों में आया यह बदलाव कंपनी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को भारी आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ा था। उत्पादन के बावजूद बिक्री, कोयले की मांग, परिचालन खर्च और अन्य वित्तीय देनदारियों का दबाव कंपनी की आर्थिक स्थिति पर असर डाल रहा था। ऐसे समय में पहली छमाही में 493 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज करना कंपनी के लिए सकारात्मक संकेत है। 415 करोड़ के घाटे से 493 करोड़ के मुनाफे तक का सफर
वित्तीय आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्ष की पहली छमाही में ईसीएल 415 करोड़ रुपये के घाटे में थी। इसके विपरीत चालू वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी ने 493 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। यानी कंपनी ने न केवल पुराने घाटे की स्थिति से बाहर निकलने में सफलता हासिल की है, बल्कि मुनाफे के साथ वित्तीय प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। आर्थिक स्थिति सुधारना प्रबंधन के सामने बड़ी चुनौती
पहली छमाही का मुनाफा कंपनी के लिए राहत देने वाला है, लेकिन ईसीएल के सामने अभी भी कई आर्थिक और परिचालन संबंधी चुनौतियां मौजूद हैं। कंपनी को उत्पादन के साथ-साथ कोयले की बिक्री, डिस्पैच, परिचालन लागत में कमी और घाटे में चल रही खदानों की स्थिति सुधारने पर लगातार ध्यान देना होगा। ईसीएल प्रबंधन का कहना है कि ईसीएल के लिए सबसे चुनौती मुनाफे की इस स्थिति को पूरे वित्त वर्ष में बरकरार रखना होगी। कंपनी की आर्थिक मजबूती का असर भविष्य की परियोजनाओं, खदानों के आधुनिकीकरण, मशीनरी की उपलब्धता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजनाओं पर भी पड़ेगा।
आगे भी मुनाफे की स्थिति बरकरार रखने पर नजर
पहली छमाही के वित्तीय परिणामों ने यह संकेत दिया है कि ईसीएल की आर्थिक स्थिति में सुधार की गुंजाइश बनी है। अब कंपनी के सामने दूसरी छमाही में भी बेहतर वित्तीय प्रदर्शन दोहराने की चुनौती होगी।