संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा की श्रम संबंधी स्थायी समिति ने बुधवार को पश्चिम बर्धमान जिले का दौरा किया। समिति के अध्यक्ष सह बांकुड़ा के विधायक नीलाद्रि शेखर दाना के नेतृत्व में हुए इस दौरे का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक और खनन क्षेत्रों का निरीक्षण करना तथा जिला प्रशासन के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर श्रम संबंधी मुद्दों की समीक्षा करना था।
न्यू केंदा ओसीपी का निरीक्षण और कार्यदशाओं का जायजा
दौरे की शुरुआत ईसीएल के केंदा एरिया अंतर्गत न्यू केंदा ओसीपी के निरीक्षण के साथ हुई। इस दौरान ईसीएल के डीटी गिरीश गोपीनाथन नायर, केंदा क्षेत्र के महाप्रबंधक दिनेश शर्मा, ईसीएल के महाप्रबंधक (प्रशासन) अबीर मुखर्जी और कंपनी सेक्रेटरी रामबाबू पाठक सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने खदान की खनन गतिविधियों और वहां कार्यरत कामगारों की कार्यदशाओं की बारीकी से जानकारी ली। निरीक्षण के उपरांत पूरी टीम केंदा एरिया शताब्दी क्लब पहुंची, जहां उनका भव्य स्वागत-सम्मान किया गया।
ईसीएल के डीटी (पी एंड पी) गिरीश गोपीनाथन नायर ने बताया कि विधानसभा स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने केंदा क्षेत्र का दौरा कर न्यू केंदा माइंस का जायजा लिया। शताब्दी क्लब में आयोजित सत्र के दौरान ईसीएल के माइनिंग ऑपरेशंस और अन्य विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सिदुली में धंसान प्रभावित इलाके का दौरा, चौंक उठे अध्यक्ष
पूर्व निर्धारित शेड्यूल में शामिल न होने के बावजूद, समिति सदस्य पार्थ घोष के विशेष अनुरोध पर अध्यक्ष नीलाद्रि शेखर दाना सिदुली के चतराबाद भुइंया पाड़ा पहुंचे। वहां उन्होंने बीते सप्ताह हुए भू-धंसान से प्रभावित घरों और पूरे इलाके की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए नीलाद्रि शेखर दाना ने अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे मुख्य रूप से कोयला खदानों के कामगारों की स्थिति और खनन कार्यों का जायजा लेने आए थे, लेकिन दुर्गापुर जाने के क्रम में जब वे सिदुली पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर हैरान रह गए। उन्होंने कहा, 'यहां की स्थिति बेहद भयानक है। यह इलाका कभी भी पूरी तरह से बैठ सकता है।' उन्होंने कहा कि इस गंभीर खतरे और हालात से वे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को आज ही अवगत कराएंगे।
डीएसपी के लिए रवाना हुई समिति
सिदुली के बाद समिति के सभी सदस्य दुर्गापुर स्थित डीएसपी (DSP) के लिए रवाना हो गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डीएसपी-सीएचआरडी (CHRD) कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न श्रम संबंधी मुद्दों पर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है।