कियोस्क में ई - कचड़ा डालते एएमपीसीडी स्वरूप कुमार दे 
आसनसोल

काजोड़ा एरिया में e-Waste संग्रहण अभियान की शुरुआत

ऑफिस परिसर में खुला कियोस्क

Sanjay Singh

अंडाल: ‘विशेष अभियान 6’ (स्पेशल कैंपेन 6) के तहत ईसीएल के काजोड़ा एरिया में e-Waste (ई-कचरा) संग्रहण अभियान की शुरुआत की गई। इस पहल के तहत क्षेत्रीय कार्यालय में एक समर्पित ‘e-Waste संग्रहण कियोस्क’ स्थापित किया गया है। प्रबंधन के मुताबिक, कार्यालय परिसर में स्थापित यह कियोस्क सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) के प्रति काजोड़ा क्षेत्र की प्रतिबद्धता और ‘विशेष अभियान 6’ के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है। एरिया मैनेजर (एचआर) पूजा एक्का ने कहा कि केंद्रीय कोयला मंत्रालय एवं ईसीएल मुख्यालय के दिशा-निर्देश तथा क्षेत्रीय महाप्रबंधक राहुल सरकार के मार्गदर्शन में काजोड़ा क्षेत्र में e-Waste संग्रहण अभियान की शुरुआत की गई है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को अपने पुराने व अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित और जिम्मेदार निपटान के लिए प्रेरित करना है। इसके अंतर्गत मोबाइल फोन, चार्जर, केबल, कीबोर्ड, माउस, प्रिंटर, कंप्यूटर, लैपटॉप, टीवी, मॉनिटर, बैटरी और अन्य सभी प्रकार के अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक कचरे को एकत्रित किया जाएगा। यह पहल कार्यस्थल को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा जिम्मेदार ई-अपशिष्ट प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने काजोड़ा क्षेत्र के सभी कर्मियों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रॉनिक कचरे को खुले में फेंकने के बजाय सीधे तय कियोस्क में ही जमा कराएं।

SCROLL FOR NEXT