सांकतोड़िया : कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के निदेशक (एचआर) गुंजन कुमार सिन्हा ने आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त प्रणव कुमार (आईपीएस) के साथ अहम बैठक कर समन्वय को नई मजबूती देने पर जोर दिया। इस उच्चस्तरीय बैठक में ईसीएल के ऑपरेशनल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कर्मचारियों व स्थानीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। खासतौर पर कोयला क्षेत्रों में बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के साथ संयुक्त रणनीति बनाने पर सहमति बनी। सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह तय किया गया कि संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी और अवैध खनन, कोयला चोरी तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के लिए संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे। ईसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कंपनी अपने कर्मचारियों, हितधारकों और आसपास के समुदायों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय और सहयोग को प्राथमिकता दी जाएगी।
क्या है बड़ा संकेत ?
इस बैठक को कोयला क्षेत्रों में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के बीच एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे आने वाले दिनों में अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था में सख्ती देखने को मिल सकती है। ईसीएल और पुलिस प्रशासन के बीच बढ़ता तालमेल न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि कोयला क्षेत्रों में पारदर्शिता और स्थिरता भी सुनिश्चित करेगा।