आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाने के ईसीएल की श्रीपुर-सातग्राम क्षेत्र के गिरमिट 40 नंबर धौड़ा में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध कब्जा किये गये जर्जर क्वार्टरों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। सनद रहे कि बीते 22 जुलाई 2026 को संबंधित क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने को लेकर ईसीएल की ओर से माइकिंग की गई थी। इसके साथ लीफलेट वितरित कर लोगों को जानकारी दी गई थी। इस अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआईएसएफ, सुरक्षा प्रहरी और आसनसोल उत्तर थाने की पुलिस की व्यापक संख्या में तैनाती की गई थी। ईसीएल अधिकारी अपूर्व विश्वास ने कहा कि ईसीएल के जर्जर क्वार्टरों में लोग जान जोखिम में डाल कर अवैध कब्जा कर रह रहे थे। उक्त कार्रवाई पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर की गई। प्रशासन ने पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया। कई लोगों को मंगलवार को हटाने के बाद क्वार्टरों को ध्वस्त किया गया। मौके पर ईसीएल के जयश्री यादव, संजय चटर्जी सहित सीआईएसएफ के जवान, सुरक्षा प्रहरी और राज्य पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।