जांज करते ईबी अधिकारी  
आसनसोल

पटाखा दुकानों में चला EB का जांच अभियान

बर्नपुर स्टेशन रोड पर EB का चला अभियान /आवाज वाले पटाखे पर की गई कार्रवाई

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : दीपावली से ठीक एक दिन पहले शनिवार दोपहर एनफोर्समेंट ब्रांच (EB) ने बर्नपुर स्टेशन रोड पर पटाखा दुकानों पर बड़ा छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रतिबंधित और ज्यादा आवाज वाले पटाखों की बिक्री को रोकना और लोगों को प्रदूषण मुक्त व सुरक्षित दीपावली मनाने के लिए जागरूक करना था। अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में रखे पटाखों की जांच की। जांच में 100 से 120 डेसिबल से ऊपर साउंड वाले पटाखे पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इतनी तेज आवाज वाले पटाखे न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक हैं।

सिर्फ ग्रीन पटाखा बेचने का निर्देश :

छापेमारी के दौरान EB के अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को कड़ा निर्देश दिया कि वे सिर्फ ग्रीन पटाखा ही बेचें। ग्रीन पटाखों के अलावा कोई भी प्रतिबंधित पटाखा बेचते हुए पाया गया तो दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों को यह भी कहा कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। दुकानों में आग बुझाने की व्यवस्था रखी जाए, पटाखों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए और बच्चों को पटाखा न बेचा जाए। साथ ही लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात हमेशा दुकान में मौजूद रखने का भी निर्देश दिया गया। प्रदूषण और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त: अधिकारियों के अनुसार, दीपावली के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त है। सुप्रीम कोर्ट और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों के अनुसार सिर्फ ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति है और तय समय सीमा में ही पटाखे फोड़े जा सकते हैं। EB की ओर से बताया गया कि दीपावली और काली पूजा के दौरान इस तरह के छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। इस मौके पर ईबी अधिकारी संजीव मिश्रा, लोकेश दास, तोफेल अहमद खान, सुशील किस्कू, पार्थ सारथी रॉय एवं हीरापुर थाना के तरफ से पुलिस अधिकारी पंपा शाह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT