सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने आज आसनसोल मंडल का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक शीलेन्द्र प्रताप सिंह, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य, प्रधान विभागाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की आवाजाही एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्यों की प्रगति तथा विकास कार्यों की पूर्व एवं प्रस्तावित स्थिति की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, गति शक्ति पहल के तहत संचालित प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। आज के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य वाले पूरे क्षेत्र में लगातार हरे रंग की सुरक्षा जाली (ग्रीन सेफ्टी नेट) लगाई जाए। इसके अतिरिक्त, जाली पर निर्माण कार्य एवं प्रतिबंधित प्रवेश से संबंधित चेतावनी बोर्ड प्रदर्शित किए जाएं। निर्माण क्षेत्र को स्टेशन प्लेटफॉर्म एवं यात्रियों के पैदल आवागमन वाले रास्तों से पूरी तरह अलग रखा जाए, ताकि निर्माण स्थल और आम लोगों की आवाजाही के बीच स्पष्ट एवं सुरक्षित सीमा बनी रहे। बैरिकेडिंग के निरीक्षण के संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि बैरिकेड की मजबूती, उचित सपोर्ट एवं लॉकिंग व्यवस्था की नियमित जांच की जाए, ताकि यात्रियों एवं पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। सभी प्रतिबंधित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक एवं खतरे से संबंधित बोर्ड लगाना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।