दुर्गापुर : दुर्गापुर डीवीसी डीटीपीएस की ओर से शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुछ घरों को छोड़ देने का आरोप डीवीसी अधिकारियों पर लगाया गया। इस दौरान सोशल मीडिया पर अभियान की कुछ तस्वीर वायरल की गई हैं। उस तस्वीर में कुछ महिला सीआईएसएफ कर्मियों को बस्ती में जाते हुए देखा जा रहा है। आरोप है कि प्लांट के निर्माण में रॉ मैटेरियल देने के लिए सिंडिकेट बनाने वाले लोग बस्ती को खाली कराने के लिए कुछ स्थानीय महिलाओं को सीआईएसएफ का ड्रेस पहनाकर अभियान में शामिल कर रहे हैं। हालांकि सन्मार्ग ने सोशल मीडिया की तस्वीर की पुष्टि नहीं की है। इस दौरान खुले आसमान के नीचे समय गुजारने वाले लोगों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ रहा है।
अतिक्रमण अभियान से हजारों लोग हुए प्रभावित
दुर्गापुर डीवीसी डीटीपीएस प्रशासन की ओर से बस्ती इलाके में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। अतिक्रमण हटाओ से पहले पुनर्वास की मांग पर बस्ती के लोगों ने आंदोलन किया था। डीवीसी की ओर से अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया था। अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध करने पर भूमि रक्षा कमेटी के अध्यक्ष अरिंदम नायक से मारपीट की गई थी। इस कारण बस्ती के लोग डीवीसी प्रशासन पर बदले की कार्रवाई का आरोप लगा रहे हैं। दुर्गापुर डीवीसी डीटीपीएस बस्ती में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर भारी हंगामा हुआ था। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई थी। एक पक्ष डीटीपीएस में नई यूनिट का समर्थन कर रहा है। वहीं दूसरा पक्ष बस्ती में अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ आंदोलन कर रहा है। इस संदर्भ में अरिंदम नायक ने बताया कि पुनर्वास की व्यवस्था से पहले अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। आरोप है कि प्लांट के निर्माण में रॉ मैटेरियल सप्लाई के लिए सिंडिकेट बनाया गया है। वही सिंडिकेट में शामिल लोगों के घरों को सुरक्षित छोड़ दिया गया है। डीवीसी बस्ती में बुलडोजर चलने से लगभग 5 हजार लोग बेघर हुए हैं।
आरोपों से किया इन्कार
डीवीसी बस्ती में बुलडोजर चलने के बाद पूरा इलाका वीरान हो गया है। इलाके में घरों एवं लोगों को नहीं रहने से सन्नाटा पसरा हुआ है। दरअसल दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) डीटीपीएस कारखाने के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। वहीं डीवीसी प्रशासन जेसीबी मशीनों के साथ जबरन कब्जाधारियों को हटाने में सफल हुआ है। दुर्गापुर डीवीसी डीटीपीएस में नई यूनिट का निर्माण किया जा रहा है। वहीं नई यूनिट के लिए आसपास जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संदर्भ में डीवीसी की अधिकारी कौशिक बनर्जी ने बताया कि प्लांट के विकास हेतु अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान बिना भेदभाव के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया है। विभाग की ओर से लगभग एक दर्जन महिलाओं को सुरक्षा कर्मियों के रूप में काम दिया गया है। इसमें कुछ रिटायर्ड आर्मी महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी महिला सीआईएसएफ का आरोप बिल्कुल गलत है।