पांडवेश्वर : रंगदारी (तोलाबाजी), चुनाव के वक्त हिंसा और आम जनता को डराने-धमकाने के गंभीर आरोपों में दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष शतदीप घटक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह लावदोहा इलाके के ही निवासी हैं। आरोप है कि अभियुक्त ने लंबे समय से इलाके में खौफ का माहौल बना रखा था। भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी देने और आम लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगातार लग रहे थे। इसके अलावा, विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश के आरोप भी सामने आए थे। इन्हीं तमाम आरोपों के आधार पर रविवार रात फरीदपुर (लावदोहा) थाना की पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर शतदीप घटक को पकड़ा। इस हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारे में हलचल का माहौल है। सोमवार को दुर्गापुर अदालत में पेश कर पुलिस ने अभियुक्त को तीन दिनों के लिए रिमांड पर लिया है। आसनसोल - दुर्गापुर के ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने कहा कि अवैध वसूली, हिंसा, आमजन को डराने-धमकाने के आरोप में शतदीप घटक को गिरफ्तार कर अदालत से रिमांड पर लिया गया है। दूसरी ओर, अपनी गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए शतदीप घटक ने खुद को बेकसूर बताया है। उन्होंने कहा, "मुझे खुद नहीं पता कि मुझे क्यों गिरफ्तार किया गया है। मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं।