अंडाल एयरपोर्ट  
आसनसोल

दुर्गापुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने जारी किया समर शेड्यूल 2026

बेंगलुरु, दिल्ली और हैदराबाद के लिए रोजाना उड़ानें, भुवनेश्वर, बागडोगरा और वाराणसी की उड़ानें स्थगित

अंडाल : दुर्गापुर (अंडाल) स्थित काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डा (KNIA) प्रबंधन ने वर्ष 2026 के लिए अपना नया 'समर शेड्यूल' (ग्रीष्मकालीन समय-सारणी) घोषित कर दिया है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा अनुमोदित यह नया शेड्यूल 29 मार्च 2026 से प्रभावी हो गया है। साझा की गई जानकारी के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए दुर्गापुर से बेंगलुरु, दिल्ली और हैदराबाद के लिए प्रतिदिन (डेली) उड़ानें संचालित की जाएंगी। इससे व्यापारिक और निजी यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। इस नए शेड्यूल की सबसे बड़ी उपलब्धि नवी मुंबई और चेन्नई के साथ बेहतर संपर्क है। नवी मुंबई के लिए अब सप्ताह में 5 दिन (सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार) उड़ानें उपलब्ध होंगी। चेन्नई के लिए भी सप्ताह में 5 दिन (सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार) विमान सेवा संचालित की जाएगी। वहीं बागडोगरा, भुवनेश्वर और वाराणसी के लिए उड़ानें स्थगित रहेगी। जारी की गई समय-सारणी के अनुसार, इंडिगो (IndiGo) के A321 और A320N विमान इन सेवाओं के लिए तैनात किए गए हैं। दिल्ली से आने वाली उड़ान अब दोपहर 12:40 बजे यहां पहुंचेगी, जबकि हैदराबाद के लिए उड़ान दोपहर 1:10 बजे प्रस्थान करेगी। हैदराबाद से शाम 6 बजे यहां पहुंचेगी। दिल्ली के लिए शाम शाम साढ़े 6 बजे प्रस्थान करेगी। इसी तरह अन्य शहरों के लिए भी सुबह से शाम तक उड़ानों का क्रम निर्धारित किया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर कैलाश मंडल ने कहा कि निरंतर सहयोग के लिए यात्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीद है कि कनेक्टिविटी में इस सुधार से क्षेत्र के आर्थिक विकास और पर्यटन को नई गति मिलेगी। वहीं जिन गंतव्यों के लिए समर शेड्यूल में उड़ानें स्थगित हुई हैं, पुनः चालू करने के लिए प्रयास जारी है।

SCROLL FOR NEXT