आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले 5 दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं जिस कारण शहर धीरे-घीरे कचरा से भरता जा रहा है। गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आसनसोल नगर निगम के 10 बोरो के 106 वार्डों में कचरे का ढेर लगा हुआ है। वहीं मंगलवार को सफाई कर्मचारी आसनसोल नगर निगम पहुंचे और वेतन वृद्धि सहित अपनी मांगों को एक बार फिर आसनसोल नगर निगम के सामने रखा। उनका कहना है कि वे पिछले लंबे समय से काम कर रहे हैं लेकिन उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है, इसलिए आज वह एक बार फिर आसनसोल नगर निगम आए हैं और चाहते हैं कि आसनसोल नगर निगम उनकी मांगों को पूरा करें।
क्या कहा नगर निगम ने
आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि जिस तरह से आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल की है. वह सही नहीं है। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है। उन्होंने आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वह अपनी हड़ताल वापस लेकर कार्य करने को लेकर विचार करें। उन्होंने कहा कि हर एक बोरो से कम से कम 15 सफाई कर्मचारियों को लेकर नगर निगम बैठेगा और उनकी जो भी मांगे हैं, उन्हें जरूर पूरा किया जाएगा। इससे सबसे पहले आसनसोल नगर निगम क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए उन्हें अपनी हड़ताल वापस लेनी चाहिए।