आसनसोल

कालाझरिया पाइप लाइन ध्वस्त होने से शिल्पांचल के हजारों घर में जलापूर्ति हुई बाधित

इस घटना से रानीगंज, जामुड़िया एवं मोहिशिला के कई इलाके होंगे प्रभावित/भाजपा ने ब्रिज गिरने का मुख्य कारण अवैध बालू खनन बताया/आसनसोल नगर निगम ने कहा पीएचई विभाग ब्रिज गिरने का करेगा जांच

बर्नपुर : हीरापुर थाना अंतर्गत वार्ड 94 स्थित कालाझरिया स्थित दामोदर नदी पर बना पीएचई पाइप लाइन के लिए बने ब्रीज के टूट कर गिरने से हलचल मच गई है। गौरतलब है कि इस पीएचई पाइप लाइन के गिरने से जामुड़िया, रानीगंज और मोहिशिला इलाके में पानी की सप्लाई रुक गई है। पुल के साथ ही पीएचई का मेन पाइपलाइन भी ध्वस्त हो गया है, इससे आसनसोल शहर में जहां पीएचई द्वारा जलापूर्ति की जाती है, वहां अगले कई दिनों तक जलापूर्ति नहीं होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कालाझरिया में पीएचई का पंप हाउस दशकों पुराना है। पानी की आपूर्ति के लिए यहां राइजिंग मेन पाइपलाइन के लिए लोहे का पुल बना हुआ था, जो बीच से टूटकर नदी में जा गिरा। नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ा हुआ है, जिससे राहत और बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। बता दें कि इस पाइपलाइन के ध्वस्त होने से हजारों घरों में पेयजल की समस्या पैदा हो गई है।

पुलिस ने एक व्यक्ति को बचाया

घटना की सूचना मिलते ही हीरापुर थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने पुलिस की मदद से एक व्यक्ति को बचाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। हीरापुर थाना के ओसी तन्मय रॉय ने बताया कि लोगों को घटनास्थल की तरफ जाने से रोका जा रहा था और यह जांच की जा रही थी कि कहीं कोई व्यक्ति पुल में तो नहीं फंसा है। एसआई अंजन मंडल और शुभाशीष बनर्जी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और रेस्क्यू टीम के सदस्य मौके पर मौजूद थे। एक व्यक्ति को नाव की मदद से बचाया गया।

क्या कहा आसनसोल नगर निगम के मेयर ने

आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने बताया कि पीएचई का मेन पाइपलाइन गिरने से कई जगहों पर पानी की आपूर्ति बंद हो गयी है। साथ ही उन्होंने कहा कि नगर निगम हर एक के साथ खड़ा है, जहां पर पानी नहीं जायेगी वहां नगर निगम के द्वारा पानी का टैंकर भिजवाया जायेगा। लोगों को किसी तरह की पानी की असुविधा नहीं होगी। वहीं आसनसोल नगर निगम के बोरो 7 के चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने बताया कि यह जो घटना हुआ है बहुत ही चिंताजनक है। यह घटना कैसे हुई है, इसकी जांच की जायेगी। उन्होंने कहा कि यह पुल 1985 का बना हुआ है और इसका मेंटनेस ठीक से हुआ था या नहीं, इसकी पीएचई एवं पीडब्ल्यूडी विभाग जांच कर रिपोर्ट देगा। साथ ही उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि ब्रिज गिरने की असल वजह क्या है।

भाजपा ने ब्रिज गिरने का कारण अवैध बालू खनन बताया

आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल और भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ब्रिज गिरने का मुख्य कारण बालू का अवैध खनन बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू चोरी के कारण पूल के नीच गड्ढा बन गया था, जिस वजह से ब्रिज गिरा है। यह बहुत लोगों के लिए संकट की स्थिति उत्पन्न कर दिया है। विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन के द्वारा पुलिस को अवैध बालू खनन के बारे में कई बार सूचित किया गया पर उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज जो ब्रिज गिरा है, इसी अवैध बालू खनन का नतीजा है।

SCROLL FOR NEXT