आसनसोल

डीपीएल में श्रमिकों की सुविधा के लिए बीजेएमएम की कमेटी गठित

40 सदस्यों के साथ नया श्रमिक समीकरण

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : दुर्गापुर प्रोजेक्ट लिमिटेड के भीतर श्रमिकों की सुविधा-असुविधा और विभिन्न समस्याओं की देखभाल के लिए भारतीय जनता मजदूर मंच ने दो अलग-अलग समितियों का गठन किया है। सोमवार को डीपीएल के कार्यालय में नवगठित दोनों समितियों के सदस्यों के नामों की सूची जमा की गई।

भारतीय जनता मजदूर मंच के राज्य महासचिव कल्याण दुबे नवगठित समितियों के सदस्यों के साथ उपस्थित होकर यह सूची सौंपी। उन्होंने बताया कि स्थायी कर्मचारियों के लिए पच्चीस सदस्यों को लेकर डीपीएल में संघ का गठन किया गया है। इसके साथ ही अस्थायी और ठेका श्रमिकों के हित के लिए पंद्रह सदस्यों को लेकर ठेका श्रमिक संघ का गठन किया गया है। दोनों समितियां भारतीय जनता मजदूर मंच की अनुमोदित और मान्यता प्राप्त हैं। संयंत्र के भीतर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, सुविधाओं और अधिकारों की रक्षा के लिए ये दोनों समितियां काम करेंगी।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्थायी और ठेका श्रमिकों की समस्याएं अलग-अलग थीं, लेकिन उनके लिए आवाज उठाने वाला कोई संगठित मंच नहीं था। अब दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग समिति बनने से उनकी बात प्रबंधन तक मजबूती से पहुंचेगी। वेतन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, छुट्टी और काम की स्थिति जैसे मुद्दों पर समिति लगातार नजर रखेगी।

कल्याण दुबे ने यह भी कहा कि श्रमिकों के हित से कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी श्रमिक के साथ अन्याय हुआ तो समिति उसके साथ खड़ी रहेगी। प्रबंधन के साथ बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास होगा।

इस घोषणा के बाद संयंत्र में काम करने वाले श्रमिकों में नई उम्मीद जगी है। वही श्रमिकों ने कहा कि अब उनकी बात सुनने वाला कोई होगा। इस कदम से डीपीएल में श्रमिकों की एकता और मजबूत होगी तथा आने वाले दिनों में उनका आंदोलन और अधिक संगठित रूप लेगा।

SCROLL FOR NEXT