होटल में जांच अभियान चलाते विभाग के अधिकारी  
आसनसोल

होटल के फ्रिज में मिला इंसानों के खाने के साथ कुत्तों का खाना

बासी-फंगस लगा चिकन व पनीर मिले, फूड सेफ्टी विभाग का छापा

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : आप जिस होटल में शौक से खाना खाने जा रहे हैं। वहां का किचन कितना साफ है ? इस सच्चाई को यह जानकर आप हैरान रह जाएंगे। दुर्गापुर के मोचीपाड़ा इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम के छापे में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। कई होटलों के रसोईघर में थोक में बासी, पुराना और सड़ा हुआ खाना रखा मिला। कहीं फंगस लगा चिकन तो कहीं पनीर मिला। इसके अलावा कई दिनों का पुराना मसाला, बासी भात, बासी तड़का, चना मसाला समेत कई खाद्य सामग्री बरामद हुई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इंसानों के खाने के साथ ही फ्रिज में कुत्तों का खाना भी रखा हुआ था। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच में पाया है कि होटलों में लंबे समय से रखे खाने पर न कोई तारीख लिखी थी, न ही कोई टैग लगा था। कौन-सा खाना कब बना, कितने दिन से रखा है, इसका कोई हिसाब ही नहीं था। ऐसा खाना ग्राहकों को परोसने पर बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक कोई भी बीमार पड़ सकता है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने होटल मैनेजरों को कड़ी फटकार लगाई और स्वास्थ्य नियमों के अनुसार खाना रखने का निर्देश दिया। कुत्तों का खाना इंसानों के खाने से बिल्कुल अलग रखने को कहा गया। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शुभम घोष ने कहा कि उन्होंने यह सारा बासी, सड़ा और पुराना खाना जब्त किया है। कुत्तों का खाना भी इंसानों के खाने के साथ रखा था। उसे अलग रखने को कहा गया है। होटलों पर जुर्माना भी लगाया गया है। आगे भी ऐसे ही खाना रखा गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT