अखाड़ा कमेटियों को जानकारी देते थाना प्रभारी सोमेंद्र नाथ सिंह ठाकूर 
आसनसोल

नहीं बजेगा डीजे, पारंपरिक वाद्ययंत्र का करें व्यवहार : जामुड़िया थाना प्रभारी

समय पर शोभायात्रा निकाल कर तय समय पर करना होगा पूरा

जामुड़िया : रामनवमी के उत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए मंगलवार शाम जामुड़िया थाना में समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का प्रतिनिधित्व जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेन्द्रनाथ ठाकुर ने किया। सोमेन्द्रनाथ ठाकुर ने कहा कि डीजे के साथ-साथ लाउड स्पीकर में ध्वनि करना भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा समय पर रैली निकालने का भी पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि जामुड़िया बहुत ही शांतिप्रिय क्षेत्र है। इस क्षेत्र की गरिमा को बनाये रखना सिर्फ प्रशासन का ही नहीं बल्कि हम सभी का कर्तव्य है। डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने कहा कि डीजे का उपयोग नहीं करके पारंपरिक वाद्ययंत्र का उपयोग करें कारण डीजे के कारण बड़े बुजुर्गों के हृदय पर आघात पहुंचता है। वहीं भाजपा नेता संतोष सिंह ने कहा कि जामुड़िया शांतिप्रिय क्षेत्र है लेकिन अगर कोई डीजे के समान वाद्ययंत्र का उपयोग करता है तो प्रशासन को कठोर कार्रवाई नहीं कर उसे समझाने का प्रयास करना चाहिए। वहीं कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव, पार्षद अब्दुल हाउस ने भी भीषण गर्मी को देखते हुए तय समय पर शोभायात्रा के आयोजन का अनुरोध किया। इस मौके पर डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल विमान कुमार मिर्धा, सीआई सुशांत चटर्जी, एसआई एस सुभाष बनर्जी, ट्रैफिक इंचार्ज सुबीर सेन सहित कई पार्षद के अलावा घनश्याम जैसवाल, बोरो चेयरमैन शेख शानदार, विधायक हरेराम सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT