खड़गपुर : राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर, पश्चिम बंगाल सरकार के आदिवासी विकास विभाग द्वारा आयोजित और पश्चिम मिदनापुर जिला प्रशासन द्वारा प्रबंधित, केशियाड़ी स्थित रवींद्र भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह चार दिनों तक चलेगा। यह विशेष दिवस आज पूरे राज्य में मनाया जा रहा है।
झाड़ग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में माननीय मुख्यमंत्री स्वयं उपस्थित थीं। केशियाड़ी रवीन्द्र भवन में जिला स्तरीय आदिवासी दिवस के उद्घाटन समारोह में राज्य के मंत्री मानस रंजन भुइयां, मंत्री श्री श्रीकांत महतो, पश्चिम मिदनापुर के डीएम खुर्शीद अली कादरी, पश्चिम मिदनापुर जिला परिषद के उपाध्यक्ष व विधायक अजीत माइती, दांतन के विधायक विक्रम चंद्र प्रधान, केशियाड़ी के विधायक, एडीएम (जनरल) संदीप टुडू, के अलावा काफी संख्या में अन्य अतिथियों ने भी इस अवसर पर शिरकत की। इस मौके पर आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत आदिवासी विभूतियों को श्रद्धांजलि, आदिवासी नृत्य और गीतों के साथ हुई। मंच से छात्रों को सबुज साथी परियोजना की साइकिलें और बी. आर. अंबेडकर मेरिट पुरस्कार प्रदान किए गए।