आसनसोल

निर्धारित रूट पर ही रामनवमी अखाड़े को निकालने का निर्देश

आचार सहिंता का पालन करने का निर्देश/डीजे बजाने पर पूरी तरह रहेगा प्रतिबंध

बर्नपुर : हीरापुर थाना ने सोमवार शाम कम्युनिटी हॉल में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण मनाने के लिए पीस बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य लाइसेंसधारी अखाड़ा कमेटियों को निर्धारित रूट से ही रामनवमी अखाड़े को निकालने एवं शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करना था। मौके पर सीआई अशोक सिन्हा महापात्रा ने सभी आयोजकों से शांति, अनुशासन और नियमों के पालन के साथ रामनवमी जुलूस निकालने की अपील की है। अखाड़ा कमेटियों को निर्देश दिए गए कि रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और कोई भी व्यक्ति शराब के नशे में जुलूस में शामिल नहीं होगा। आगे बताया कि विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है, इसलिए सभी नियमों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। मौके पर थाना प्रभारी करतार सिंह ने रामनवमी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि जुलूस मार्गों की लगातार निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और हर स्तर पर समन्वय बनाए रखा जायेगा। पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आमजन से भी सहयोग की अपील की गई है। आगे कहा कि प्रत्येक अखाड़े में कम से कम 21 वर्ष आयु के वालंटियर होने चाहिए और उनके पास पहचान पत्र होना जरूरी है। साथ ही हर अखाड़े के साथ एक नोडल ऑफिसर भी नियुक्त किया जाएगा, जो जुलूस के दौरान समन्वय बनाए रखेगा। बैठक में मौजूद अखाड़ा कमेटी के ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि शिवस्थान बर्नपुर के सभी 16 अखाड़े 28 मार्च की शाम को जुलूस निकालेगी, जो रूट का पालन करते हुये वापस शिवस्थान में आकर समाप्त होगी। इस मौके पर हीरापुर ट्रैफिक ओसी अमीनूर रहमान खान, टीआई आरपी खान, एसआई संजय घोष, एसआई अंजन मंडल, समाजसेवी प्रबीर धर, ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेंदु चौधरी, यूथ अध्यक्ष आनंद उपाध्याय, बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी, पार्षद गुरमित सिंह, राकेश शर्मा, सीमा मंडल, सोना गुप्ता, श्रावणी विश्वास सहित अन्य लोग मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT