आसनसोल

1 नवंबर की प्रस्तावित रैली की तारीख बदलने की मांग

बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, आसनसोल की ओर से पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव को एक प्रतिवेदन भेजा गया है। यह पत्र जिला मजिस्ट्रेट, पश्चिम बर्धमान के माध्यम से नबन्ना भेजा गया है। पत्र में कमेटी ने 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित एसआईआर नीति के विरोध में होने वाली रैली को लेकर चिंता जताई है। कमेटी के तरफ से सुरेंद्र सिंह ने लिखा है कि नवंबर का पहला सप्ताह सिख समुदाय के लिए अत्यंत पीड़ादायक स्मृतियों से जुड़ा है। नवंबर 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में हजारों सिखों की हत्या हुई थी। 1984 के वे घाव आज भी जीवित हैं। जानकारी मिली है कि 1 नवंबर 2026 को राहुल गांधी के नेतृत्व में वाहन रैली प्रस्तावित है, जो 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी से जुड़ी है। कमेटी का कहना है कि इस संवेदनशील तिथि पर रैली से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं। साथ ही उनकी मांग है कि इस प्रतिवेदन को दिल्ली के उपराज्यपाल, दिल्ली पुलिस आयुक्त और केंद्रीय गृह मंत्रालय तक अग्रेषित किया जाए। पश्चिम बंगाल में रहने वाले सिख समुदाय की भावनाओं से राज्य सरकार को अवगत कराया जाए। दिल्ली प्रशासन से शांति और सामुदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए 1 नवंबर की रैली को किसी अन्य तिथि पर आयोजित करने का अनुरोध किया जाए।

SCROLL FOR NEXT