आसनसोल

दिल्ली पुलिस ने साइबर क्राइम में अंडाल से तीन अभियुक्त को किया गिरफ्तार

तीनों अभियुक्त हैं जामताड़ा गैंग के सक्रिय सदस्य

दुर्गापुर : दिल्ली पुलिस को साइबर क्राइम मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की पुलिस ने अंडाल से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अनुमंडल अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद दिल्ली पुलिस की अर्जी पर अभियुक्तों को ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अदालत के आदेश पर दिल्ली पुलिस अभियुक्तों को लेकर रवाना हो गई। अंडाल स्थित काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डे के निकट से दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात जामताड़ा गैंग के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। इन ठगों पर दिल्ली के एक व्यक्ति के साथ लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार जामताड़ा के इस गिरोह ने हाल ही में नई दिल्ली के एक निवासी को अपना निशाना बनाया था और उससे लाखों रुपये ठग लिए थे। इस संबंध में नई दिल्ली के साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया था। वहीं जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को पता चला कि अभियुक्त अंडाल हवाई अड्डे के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापामारी की और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की पहचान रंजीत कुमार मंडल, अजय कुमार मंडल और मेहबूब अंसारी के रूप में हुई है। ये तीनों मूल रूप से झारखंड जामताड़ा के रहने वाले हैं। दिल्ली पुलिस सूत्रों की मानें तो अभियुक्त हवाई अड्डे के पास किसी बड़े ऑपरेशन की योजना बना रहे थे। इसके अलावा फरार होने की तैयारी कर रहे थे। अदालती कार्रवाई पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस की साइबर सेल अभियुक्तों को कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली लेकर रवाना हो गई। अंडाल हवाई अड्डा जैसे महत्वपूर्ण इलाके के निकट से साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दुर्गापुर समेत शिल्पांचल में इनका कोई स्थानीय नेटवर्क भी काम कर रह है।

SCROLL FOR NEXT